रांची , अगस्त 01 -- झारखंड में ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस ने जुलाई महीने में व्यापक अभियान चलाते हुए कड़ी कार्रवाई की।

पूरे राज्य में महज एक महीने के दौरान कुल 1.20 लाख वाहनों का चालान काटा गया, जिससे करीब 7.80 करोड़ रुपये जुर्माने के रूप में वसूले गए।

अधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, सबसे अधिक कार्रवाई नो पार्किंग जोन में वाहन खड़ा करने के मामलों में हुई। इस दौरान 56,032 वाहनों का चालान काटा गया। वहीं बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले 51,055 लोगों पर भी जुर्माना लगाया गया।

इसके अलावा बिना ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाने के 505 मामलों में चालान काटा गया। सीट बेल्ट नहीं लगाने पर 237, बाइक पर ट्रिपल लोडिंग करने पर 64 तथा ओवरस्पीड में वाहन चलाने के 2,367 मामलों में कार्रवाई की गई। इसके अलावा ट्रैफिक नियमों के अन्य उल्लंघनों पर भी बड़ी संख्या में चालान जारी किए गए।

ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से यह अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, निर्धारित गति सीमा का पालन करें तथा वाहन चलाते समय सभी ट्रैफिक नियमों का पालन करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित