जामताड़ा , जुलाई 14 -- जामताड़ा पुलिस ने साइबर अपराध के मामले में एक शातिर ठग को गिरफ्तार कर उसके पास से 4.04 लाख रुपये नकद और अन्य सामान बरामद किया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान देवघर जिले के मारगोमुण्डा थाना क्षेत्र के पंचरूखी गांव निवासी 60 वर्षीय नसरूद्दीन अंसारी के रूप में हुई है।
जामताड़ा एसपी शंभु कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर पुलिस के नेतृत्व में टीम ने करमाटांड़ थाना क्षेत्र के कुरूवा हटिया के पास छापेमारी कर आरोपी को पकड़ा।
साइबर डीएसपी अमित कुमार ने बताया कि आरोपी खुद को एसबीआई अधिकारी बताकर लोगों को फोन करता था और क्रेडिट कार्ड बंद होने या नया कार्ड जारी करने के नाम पर मोबाइल में एपीके फाइल डाउनलोड करवाता था। इस फाइल के जरिए वह बैंकिंग जानकारी लेकर खातों और क्रेडिट कार्ड से पैसे निकाल लेता था।
पुलिस ने आरोपी के पास से 4,04,500 रुपये नकद, 2 मोबाइल, 3 सिम कार्ड, 2 पासबुक, 1 आधार कार्ड और 1 मोटरसाइकिल बरामद की।
डीएसपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी का नेटवर्क कई राज्यों में फैला हुआ था। मामले में साइबर थाना में कांड संख्या 43/26 दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। आरोपी से पूछताछ के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित