गिरिडीह , जुलाई 15 -- झारखंड में गिरिडीह जिले के बगोदर पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर राष्ट्रीय उच्च पथ पर संतुरपी के पास से भारी मात्रा में शराब और बीयर लदा एक ट्रक जब्त किया है।
जब्त शराब की अनुमानित बाजार कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई जा रही है।
एसडीपीओ धनंजय कुमार राम ने बताया कि गिरिडीह एसपी डॉ. बिमल कुमार को सूचना मिली थी कि धनबाद से बिहार की ओर अवैध शराब की खेप भेजी जा रही है। सूचना पर जीटी रोड पर वाहन जांच अभियान चलाया गया, जिसके दौरान संतुरपी के पास संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। जांच में ट्रक से भारी मात्रा में शराब और बीयर की पेटियां बरामद हुईं।
पुलिस ने ट्रक समेत पूरी खेप जब्त कर थाने ले आई है। बरामद शराब की गिनती और मिलान किया जा रहा है। पुलिस तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित