गिरिडीह , अगस्त 01 -- झारखंड सरकार के नगर विकास सह पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार ने शनिवार को पचम्बा के कल्याणडीह में वन विभाग की 28 एकड़ भूमि पर लगभग 2.5 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले नगर - वन की अधारशीला रखी।
वन विभाग द्वारा आयोजित वन महोत्सव के दौरान ही नगर वन (फेज-2) के तहत बनने वाले नगर वन के लिए मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, डीएफओ मनीष तिवारी और मेयर प्रमिला मेहरा ने संयुक्त रूप से भूमि पूजन कर शिलान्यास किया।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों एवं ग्रामीणों ने फलदार और छायादार पौधों का रोपण किया। साथ ही ग्रामीणों के बीच पौधों का वितरण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि शहर से सटे इस क्षेत्र में बनने वाला नक्षत्र वन लोगों के लिए प्रकृति के बीच समय बिताने का बेहतर स्थान बनेगा। कहा कि यह परियोजना स्थानीय लोगों की कल्पना और अपेक्षाओं को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
वहीं डीएफओ मनीष तिवारी ने बताया कि 28 एकड़ के इस विशाल क्षेत्र में एक अनूठे स्वरूप का नगर वन विकसित किया जाएगा। बताया कि यहां पहले से पौधारोपण का कार्य शुरू हो चुका है और अब विभिन्न निर्माण कार्य भी किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इस परियोजना का निर्माण सीसीएल के जुर्माना फंड से कराया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित