नयी दिल्ली , अक्टूबर 15 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को झारखंड के कई जिलों में खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट में 1500 करोड़ के घोटाले का आरोप लगाया है।

भाजपा प्रवक्ता तुहिन सिन्हा ने पार्टी मुख्यालय आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि झारखंड में करीब 2,000 करोड़ रुपये का खनिज घोटाला सामने आया है। श्री सिन्हा ने कहा कि हेमंत सोरेन की सरकार एक बार फिर आदिवासी क्षेत्र को बदहाली की ओर ले जाने और आदिवासियों को लूटने का प्रयास किया है।

श्री सिन्हा ने कहा कि इस संदर्भ में 8 सितंबर को पहली पर वरिष्ठ भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी ने इस घोटाले का खुलासा किया था। जिसके बाद झारखंड उच्च न्यायालय ने इस मामले पर संज्ञान लिया। उन्होंने बताया कि इस मामले में 13 अक्टूबर को सुनवाई के दौरान उच्च न्यायालय ने राज्य सरकार को निर्देश दिया कि अगले चार सप्ताह में सुनवाई से पहले इस विषय में अपना पक्ष रखे।

श्री सिन्हा ने बोकारो का उदाहरण देते हुए कहा कि यहां पर पर आवंटित 600 करोड़ रुपये में से करीब 500 करोड़ की गड़बड़ी सामने आयी। उन्होंने कहा कि यह तो एक नमूना भर है असली कहानी तो जांच के बाद सामने आएगी और कांग्रेस समर्थित हेमंत सोरेन सरकार के एक और भ्रष्टाचार का खुलासा होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित