राँची , मई 29 -- झारखंड के सभी विश्वविद्यालयों के अंतर्गत आने वाले कॉलेज को क्लस्टर सिस्टम में बांटने सहित अन्य बिंदुओं, नीट, एसएससी जीडी, नेट सहित तमाम परीक्षाओं में पेपर लीक और धांधली, सीबीएसई की ऑन-स्क्रीन मार्किंग (ओएसएम) प्रणाली के खिलाफ ने दर्जनों जिला के मुख्य सड़कों को छात्रों ने राज्यव्यापी चक्का जाम किया।
इसी के साथ रांची के अल्बर्ट एक्का चौक को भी 2 घंटों तक जाम किया। प्रदर्शन में शामिल आइसा राज्य अध्यक्ष विभा पुष्पा दीप ने कहा कि उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग, झारखंड सरकार द्वारा जारी हालिया संकल्प राज्य की उच्च शिक्षा संरचना को तेजी से निजीकरण और कॉरपोरेट मॉडल की ओर ले जा रहा है।
विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों में शैक्षणिक-गैर शैक्षणिक पदों के पुनर्गठन के बहाने पदों में भारी कटौती, छात्रों की सीटों में कमी और कॉलेजों को क्लस्टर सिस्टम में बांटने की पहल का सीधा प्रभाव वंचित समुदायों और सबसे ज्यादा महिलाओं पर पड़ेगा। इससे उनका ड्रॉपआउट रेट बढ़ेगा, उच्च शिक्षा तक पहुंच और सीमित हो जाएगी तथा गुणवत्तापूर्ण अध्ययन बाधित होगा।
आइसा झारखंड राज्य सचिव त्रिलोकीनाथ ने कहा कि रेगुलर कोर्सों की जगह वोकेशनल और सेल्फ-फाइनेंस मोड को बढ़ावा देने की नीति छात्रों पर आर्थिक भार बढ़ाएगी। शिक्षण संस्थाओं को ऋण आधारित प्रणाली बनाने की सीधे-सीधे कोशिश है। स्कूली शिक्षा विभाग द्वारा संचालित बीएड/एमएड कॉलेजों का रांची विश्वविद्यालय में विलय होने से जहाँ पहले 15-25 हजार रुपये में पढ़ाई संभव थी, अब वही कोर्स 1.5 से 2 लाख रुपये तक महंगे हो जाएंगे। यह बदलाव सामाजिक न्याय, समान अवसर और शिक्षा के अधिकार के मूल सिद्धांतों के ख़िलाफ़ है।
रांची जिला अध्यक्ष विजय कुमार ने कहा कि क्लस्टर सिस्टम राज्यव्यापी चक्का जाम का मुख्य मुद्दा है ही इसके साथ ही नीट, एसएसजीडी, नेट सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार हो रहे पेपर लीक ने लाखों छात्रों और अभिभावकों पर मानसिक, सामाजिक और आर्थिक दबाव बढ़ा दिया है। मेहनत और भविष्य अनिश्चित होने का भय व्यापक है।
वहीं रांची जिला सचिव संजना मेहता ने कहा कि पिछले दिनों सीबीएसई की ऑन-स्क्रीन मार्किंग (ओएसएम) प्रणाली में गड़बड़ी, गलत उत्तर पुस्तिकाएँ मिलने के दावे, तकनीकी बाधाएँ और बड़ी संख्या में छात्रों का फेल होना मूल्यांकन प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े करता है। इसका भी स्थायी समाधान होनी चाहिए। इन निरंतर संकटों के विरोध में ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एआइसा) और आरवाईए के राज्यव्यापी आह्वान पर झारखंड भर दर्जन से अधिक जिलों में छात्र और युवा एकजुट होकर राज्यव्यापी चक्का जाम को सफल किया।
रांची स्थित अल्बर्ट एक्का चौक पर चक्का जाम के दौरान आइसा राज्य अध्यक्ष विभा पुष्पा दीप, राज्य सचिव त्रिलोकीनाथ, आइसा रांची जिला अध्यक्ष विजय कुमार, सचिव संजना मेहता, सोनाली केवट, सृष्टि भट्टाचार्य, जेएन कॉलेज प्रभारी चंदन स्वर्णकार, निखिल राज, रौशन कुमार, डीएसपीएमयू अध्यक्ष शालीन कुमार, शुभ कुमार, राजदीप के साथ सैकड़ों छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित