रांची , फरवरी 04 -- झारखंड में अगले एक सप्ताह तक मौसम के मिजाज में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।

मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के अधिकांश जिलों में सुबह के समय हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा या कुहासा देखने को मिलेगा, हालांकि दिन चढ़ने के साथ ही कोहरा छंट जाएगा और मौसम साफ हो जाएगा।

मौसम विभाग ने बताया है कि रांची, बोकारो, हजारीबाग, रामगढ़, खूंटी, गुमला, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद जिलों में मौसम शुष्क बना रहेगा। इन क्षेत्रों में सुबह हल्का कोहरा रहेगा, जबकि दिन के समय आसमान साफ रहेगा और धूप खिलने से लोगों को राहत मिलेगी। पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां जिलों में भी सुबह कुहासा छाने की संभावना जताई गई है। दिन में मौसम साफ रहने के कारण इन इलाकों में धूप का आनंद लिया जा सकेगा।

वहीं पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज जिलों में भी अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।

तापमान की बात करें तो उत्तर-पूर्वी झारखंड के जिलों में अधिकतम तापमान 25 से 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10 से 13 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। मध्य झारखंड में ठंड का असर ज्यादा रहेगा, जहां गुमला में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।

दक्षिण झारखंड में दिन के समय अधिकतम तापमान 28 से 31 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि रातें ठंडी बनी रहेंगी। उत्तर-पश्चिमी जिलों में न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री सेल्सियस तक गिरने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल 9 फरवरी तक किसी भी तरह का मौसम अलर्ट जारी नहीं किया गया है।

। कुल मिलाकर आने वाले दिनों में दिन और रात के तापमान के बीच अंतर बढ़ेगा, जिससे दिन में हल्की गर्मी और रात में सर्दी का असर महसूस होगा। मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि सुबह के समय कोहरे के कारण वाहन चलाते समय सावधानी बरतें और ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़ों का उपयोग करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित