रांची , फरवरी 18 -- झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में भाजपा और कांग्रेस पर खुलेआम आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप लगाया।

श्री भट्टाचार्य ने कहा कि निकाय चुनाव गैर-दलीय आधार पर होने हैं, इसके बावजूद दोनों दल खुलकर दलीय प्रचार में जुटे हैं।

श्री भट्टाचार्य ने आरोप लगाया कि भाजपा और कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार अपने प्रचार में पार्टी के नाम, चुनाव चिह्न और सिंबल का इस्तेमाल कर रहे हैं। यहां तक कि एक मेयर प्रत्याशी के प्रचार में पार्टी का अधिकृत सिंबल भी प्रदर्शित किया जा रहा है। उन्होंने कहा, "हम संयम बरत रहे थे, क्योंकि झामुमो नहीं चाहता था कि आचार संहिता का उल्लंघन हो, लेकिन भाजपा और कांग्रेस ने नियमों को ताक पर रख दिया है।"श्री भट्टाचार्य ने राज्य निर्वाचन आयोग से इस पूरे मामले का संज्ञान लेने और उचित कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने स्पष्ट किया कि झामुमो ने दलीय चेतना के साथ चुनाव लड़ने की बात कही है, न कि दलीय आधार पर।

रांची के व्यापारिक वर्ग से अपील करते हुए श्री भट्टाचार्य ने कहा कि राजधानी के विकास में उनकी सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उन्होंने उल्लेख किया कि हाल ही में चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधि राज्य के विकास के मुद्दे पर मुख्यमंत्री के साथ दावोस गए थे। अब उन्हें सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने में सहयोग करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि यदि निकाय में झामुमो समर्थित नेतृत्व स्थापित होता है, तो शहर का विकास चार चरणों में तेज गति से आगे बढ़ाया जाएगा।

श्री भट्टाचार्य ने वाम दलों से भी अपना रुख स्पष्ट करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह चुनाव बेहद महत्वपूर्ण है और मतदान प्रतिशत बढ़ाना आवश्यक है। उन्होंने सभी मतदाताओं से लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए बढ़-चढ़कर मतदान करने की अपील की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित