रांची , जनवरी 13 -- झारखंड में भारतीय जनता पार्टी के नए प्रदेश अध्यक्ष राज्यसभा सांसद आदित्य साहू होंगे।

पार्टी के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू का प्रदेश अध्यक्ष बनना लगभग तय है। मंगलवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में अध्यक्ष पद के चयन को लेकर दिनभर गहमागहमी का माहौल रहा, लेकिन नामांकन की तय समय-सीमा के भीतर केवल एक ही नामांकन आदित्य साहू का दाखिल होने से तस्वीर पूरी तरह साफ हो गई।

प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए नामांकन की प्रक्रिया दिन के 12 बजे से दोपहर 2 बजे तक निर्धारित थी। इस दौरान करीब एक बजे आदित्य साहू ने पार्टी द्वारा नामित चुनाव पदाधिकारी एवं केंद्रीय मंत्री जुएल उरांव के समक्ष अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के समय पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

श्री साहू के नामांकन के प्रस्तावक के रूप वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, पूर्व केंद्रीय मंत्री कड़िया मुंडा, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, चंपाई सोरेन, मधु कोड़ा, राज्यसभा सांसद समीर उरांव, केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, रवींद्र राय, दीपक प्रकाश, यदुनाथ पांडे और पशुपतिनाथ सिंह जैसे वरिष्ठ नेता शामिल रहे।

प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए एकमात्र नामांकन मिलने के बाद आदित्य साहू का निर्विरोध चुना जाना तय हो गया है। पार्टी के निर्वाचन पदाधिकारी जुएल उरांव ने आज जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों के नामों की औपचारिक घोषणा 14 जनवरी को दोपहर 2 बजे की जाएगी।

वर्तमान में आदित्य साहू झारखंड भाजपा के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष के रूप में संगठनात्मक जिम्मेदारी निभा रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित