रांची , मार्च 20 -- झारखंड प्रदेश कांग्रेस अनुशासन समिति ने पूर्व मंत्री योगेन्द्र साव को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से तीन वर्षों के लिए निष्कासित कर दिया है।
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी (अनुशासन समिति) ने संगठनात्मक अनुशासन को बनाए रखने के उद्देश्य से यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया है।
कांग्रेस के प्रदेश मीडिया चेयरमैन सतीश पौल मुंजनी ने आज यह जानकारी देते हुए बताया कि समिति के संज्ञान में यह बात आई कि योगेन्द्र साव द्वारा लगातार सोशल मीडिया के माध्यम से वर्तमान गठबंधन सरकार एवं मुख्यमंत्री के विरुद्ध आपत्तिजनक एवं अनुशासनहीन टिप्पणियाँ की जा रही थीं। हाल ही में फेसबुक लाइव के माध्यम से भी उन्होंने सरकार के खिलाफ अनुचित बयान दिए।
अनुशासन समिति ने इस आचरण को पार्टी की छवि के प्रतिकूल एवं संगठनात्मक नियमों का उल्लंघन मानते हुए गंभीरता से लिया। यह भी उल्लेखनीय है कि वर्तमान गठबंधन सरकार में कांग्रेस पार्टी की भागीदारी है, ऐसे में इस प्रकार के सार्वजनिक वक्तव्य पार्टी की मर्यादा के विरुद्ध हैं।
इस कृत्य को कांग्रेस पार्टी के अनुशासनात्मक नियमों की धारा-04 (क), (ख) एवं (ड़) का उल्लंघन मानते हुए, झारखंड प्रदेश कांग्रेस अनुशासन समिति ने निर्णय लिया है कि योगेन्द्र साव को कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से तीन वर्षों के लिए निष्कासित किया जाता है। उल्लेखनीय है कि योगेन्द्र साहू हेमंत सरकार में मंत्री रह चुके हैं और उनकी पत्नी निर्मला देवी एवं बेटी अंबा प्रसाद झारखंड विधानसभा की सदस्य रह चुकी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित