रांची , जनवरी 31 -- झारखंड सरकार राज्य के पर्यटन को नई पहचान दिलाने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रही है।

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और झारखंड के सबसे बड़े सेलिब्रिटी महेन्द्र सिंह धोनी को झारखंड पर्यटन का नया ब्रांड एंबेसडर बनाया जा सकता है। इसको लेकर पर्यटन विभाग और धोनी के बीच जल्द ही एमओयू होने की संभावना है।

सरकारी सूत्रों के अनुसार, झारखंड सरकार की ओर से महेन्द्र सिंह धोनी को पर्यटन ब्रांड एंबेसडर बनाए जाने का प्रस्ताव भेजा गया है। इसके बाद विभागीय स्तर पर आवश्यक प्रक्रियाएं शुरू कर दी गई हैं। पर्यटन विभाग का मानना है कि धोनी जैसी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान रखने वाली हस्ती के जुड़ने से झारखंड के पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय और वैश्विक मंच पर व्यापक पहचान मिलेगी।

सूत्रों की मानें तो पर्यटन विभाग ने धोनी की ब्रांडिंग से जुड़ी एजेंसी "मैडास" को यह कार्य सौंपने की तैयारी की है। झारखंड पर्यटन विकास निगम (जेटीडीसी) और पर्यटन विभाग इस प्रस्ताव को कैबिनेट से मंजूरी दिलाने की प्रक्रिया में जुटे हैं। मंजूरी के बाद धोनी और पर्यटन विभाग के बीच औपचारिक एमओयू किया जाएगा।

एमओयू से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, महेन्द्र सिंह धोनी स्वयं इसके लिए कोई पारिश्रमिक नहीं लेंगे। हालांकि प्रचार, ब्रांडिंग, डिजिटल कैंपेन और अन्य संबंधित गतिविधियों के लिए एजेंसी को लगभग 4 करोड़ रुपये का भुगतान किए जाने का प्रस्ताव है।

महेन्द्र सिंह धोनी का झारखंड से गहरा भावनात्मक और सामाजिक जुड़ाव रहा है। उनकी लोकप्रियता और विश्वसनीय छवि का उपयोग राज्य के प्राकृतिक सौंदर्य स्थलों, धार्मिक पर्यटन, साहसिक पर्यटन और इको-टूरिज्म को बढ़ावा देने में किया जाएगा। प्रस्तावित एमओयू में प्रचार अभियानों, डिजिटल प्लेटफॉर्म पर ब्रांडिंग और विभिन्न पर्यटन आयोजनों में भागीदारी से संबंधित शर्तें तय की जाएंगी।

राज्य सरकार को उम्मीद है कि इस पहल से न केवल झारखंड में पर्यटकों की संख्या में वृद्धि होगी, बल्कि इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और राज्य की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित