रांची , फरवरी 04 -- झारखंड में होने वाले नगर निकाय चुनाव में नामांकन के अंतिम दिन राज्यभर में प्रत्याशियों का शक्ति प्रदर्शन के साथ जीत के दावे किये।
राजधानी रांची में बीजेपी समर्थित रोशनी खलखो ने दिखाई ताकत, बोलीं- "जनता का आशीर्वाद ही सबसे बड़ा सहारा" नामांकन के अंतिम दिन राजधानी में चुनावी माहौल पूरी तरह गरमाया रहा। बीजेपी समर्थित रोशनी खलखो ने समर्थकों के साथ भव्य रैली निकालकर नामांकन पत्र दाखिल किया। पुराना जेल चौक से समाहरणालय तक हुए इस जुलूस में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, विधायक और वरिष्ठ नेता शामिल रहे। नामांकन के बाद रोशनी खलखो ने कहा - "नगर निगम की स्थिति सुधारना चुनौतीपूर्ण है, लेकिन जनता के आशीर्वाद से यह संभव होगा।"विधायक सी.पी. सिंह ने कहा कि "रोशनी खलखो मेहनती और जनता की सच्ची प्रतिनिधि हैं।" वहीं नवीन जायसवाल ने कहा कि "रांची को सुधारने की जिम्मेदारी अब सक्षम हाथों में है।"बोकारो में परिंदा सिंह ने दिखाया शक्ति प्रदर्शन, कहा- "विकास कार्यों को पूरा करना मेरी प्राथमिकता" चास नगर निगम चुनाव में बीजेपी नेता परिंदा सिंह ने समर्थकों के साथ शक्ति प्रदर्शन किया। काली मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद विशाल रैली निकालते हुए उन्होंने नामांकन पत्र दाखिल किया।
परिंदा सिंह ने कहा "बिजली, पानी, सड़क और सफाई जैसी बुनियादी समस्याओं को दूर करना मेरी पहली प्राथमिकता होगी।" उन्होंने जनता से ईमानदार और मजबूत नेतृत्व के लिए समर्थन की अपील की।
फुसरो में प्रत्याशियों ने भरा नामांकन, कहा- "विकास ही असली मुद्दा" फुसरो नगर परिषद चुनाव के लिए नामांकन के साथ ही चुनावी हलचल तेज हो गई है।
अर्चना सिंह ने कहा, "वार्ड 15 को स्मार्ट वार्ड बनाऊंगी, गंदगी और नालियों की समस्या खत्म करूंगी।" इसी तरह रश्मि सिंह, सुरेश गोयल और सुनीता देवी ने भी अपने-अपने वार्ड में विकास को प्राथमिकता देने की बात कही।
जमशेदपुर में एनडीए समर्थित संध्या सिंह का नामांकन, सरयू राय बोले, "जीत तय है" मानगो नगर निगम में मेयर पद के लिए एनडीए समर्थित प्रत्याशी संध्या सिंह ने नामांकन किया। नामांकन के दौरान सरयू राय, पूर्णिमा साहू और अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
सरयू राय ने कहा - "जनता बदलाव चाहती है, और इस बार एनडीए समर्थित प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित है।" वहीं डॉ. बिनीता सहाय ने कहा - "महिलाओं की सुरक्षा और शिक्षा मेरी पहली प्राथमिकता रहेगी।"जामताड़ा में रीना कुमारी और जयश्री देवी ने दाखिल किया नामांकन, कहा- "विकास हमारी पहचान बनेगा" नामांकन के अंतिम दिन जामताड़ा नगर परिषद और नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए कई प्रत्याशियों ने पर्चा दाखिल किया।
बीजेपी समर्थित रीना कुमारी ने कहा - "जनता का अपार समर्थन मिला है, और मैं विकास के कार्यों को गति दूंगी।" वहीं जयश्री देवी ने कहा कि "जनता के भरोसे से क्षेत्र का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित होगा।"पाकुड़ में त्रिकोणीय मुकाबले के संकेत, महिला प्रत्याशियों में दिखा उत्साह नामांकन के अंतिम दिन 49 प्रत्याशियों ने पर्चा दाखिल किया। अध्यक्ष पद के लिए संपा साहा, मोनिता कुमारी, और मुकुल भट्टाचार्य समेत 10 प्रत्याशी मैदान में हैं। नामांकन के दौरान समाहरणालय परिसर में भारी भीड़ उमड़ी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित