रांची , मई 30 -- झारखंड में पहली बार फ्रेंचाइजी आधारित टी20 लीग के लिए खिलाड़ियों की नीलामी आयोजित की जा रही है।
इसके लिए झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (जेएससीए) की ओर से शनिवार को आयोजित पहली झारखंड टी20 लीग के लिए खिलाड़ियों की नीलामी (ऑक्शन) शुरू हो गई है। इस ऑक्शन में राज्य के विभिन्न जिलों और क्रिकेट संरचनाओं से जुड़े 275 खिलाड़ियों पर छह फ्रेंचाइजी टीमें बोली लगा रही हैं।
इस लीग में रांची टाइटंस, जमशेदपुर स्टीलर्स, छोटानागपुर रॉयल्स, कोयलांचल सुपर किंग्स, धनबाद डायमंड्स और संथाल स्ट्राइकर्स हिस्सा ले रही हैं। प्रत्येक फ्रेंचाइजी को खिलाड़ियों की खरीदारी के लिए 50 लाख रुपये का पर्स उपलब्ध कराया गया है। सभी टीमें अपने-अपने रणनीतिक संयोजन के अनुसार खिलाड़ियों को शामिल करने के लिए बोली लगा रही हैं।
ऑक्शन में झारखंड क्रिकेट के कई चर्चित नाम शामिल हैं। इनमें भारतीय टीम के विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन, रॉबिन मिंज, कुमार कुशाग्र, अनुकुल रॉय, सुषांत मिश्रा, उत्कर्ष सिंह और विराट सिंह जैसे खिलाड़ी प्रमुख आकर्षण का केंद्र हैं। इन खिलाड़ियों को अपनी टीम में शामिल करने के लिए फ्रेंचाइजियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिल सकती है।
नीलामी प्रक्रिया का संचालन प्रसिद्ध कमेंटेटर और पेशेवर ऑक्शनर चारू शर्मा कर रहे हैं। चारू शर्मा इससे पहले आईपीएल समेत कई बड़े क्रिकेट आयोजनों की नीलामी का संचालन कर चुके हैं। ऐसे में झारखंड टी20 लीग के पहले ऑक्शन को लेकर भी क्रिकेट प्रेमियों में खास उत्साह देखा जा रहा है।
जेएससीए के नियमों के अनुसार प्रत्येक फ्रेंचाइजी को कम से कम 16 और अधिकतम 18 खिलाड़ियों का स्क्वॉड तैयार करना होगा। नीलामी पूल में शामिल खिलाड़ियों को विभिन्न श्रेणियों में रखा गया है। सात खिलाड़ियों को आइकॉन कैटेगरी में शामिल किया गया है, जिनका बेस प्राइस 4 लाख रुपये निर्धारित है। वहीं कैटेगरी-ए के सीनियर राज्य स्तरीय खिलाड़ियों का बेस प्राइस 75 हजार रुपये रखा गया है। अन्य खिलाड़ियों को भी अलग-अलग श्रेणियों में विभाजित किया गया है।
जेएससीए के उपाध्यक्ष संजय पांडे ने कहा कि झारखंड टी20 लीग राज्य के क्रिकेटरों के लिए एक बड़ा मंच साबित होगी। उन्होंने कहा कि इस लीग के माध्यम से युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने, प्रतिस्पर्धी माहौल में खेलने और पेशेवर क्रिकेट को करीब से समझने का अवसर मिलेगा। साथ ही यह प्रतियोगिता झारखंड क्रिकेट की नई प्रतिभाओं को सामने लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
झारखंड क्रिकेट जगत की नजरें फिलहाल इस ऑक्शन पर टिकी हैं, जहां कई खिलाड़ियों के करियर को नई दिशा मिल सकती है और फ्रेंचाइजि अपनी मजबूत टीमों के गठन में जुटी हुई हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित