रांची , जून 23 -- झारखंड टी20 प्रीमियर लीग 2026 के फाइनल मुकाबले के दौरान राजधानी रांची के धुर्वा स्थित जेएससीए इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में मंगलवार देर शाम भारी अव्यवस्था देखने को मिली।
मैच देखने पहुंचे हजारों क्रिकेट प्रेमियों के बीच अचानक भगदड़ जैसी स्थिति बन गई, जिसमें कई लोगों के घायल हो गये। घटना के बाद स्टेडियम परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
आधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, झारखंड टी20 प्रीमियर लीग के फाइनल मुकाबले में दर्शकों के लिए प्रवेश निशुल्क रखा गया था। इसी कारण उम्मीद से कहीं अधिक संख्या में लोग स्टेडियम पहुंच गए।
फाइनल मैच छोटा नागपुर रॉयल्स और जमशेदपुर स्टीलर्स के बीच खेला जा रहा था, जिसे लेकर क्रिकेट प्रशंसकों में खासा उत्साह था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्टेडियम के वेस्ट गेट पर बड़ी संख्या में दर्शक जमा हो गए थे। प्रवेश द्वार बंद होने और भीड़ बढ़ने के कारण लोगों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। अंदर प्रवेश करने की जल्दबाजी में हालात बिगड़ गए और भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। इस दौरान कई लोग गिर पड़े, जिससे उनके घायल होने की सूचना है। हालांकि प्रशासन की ओर से घायलों की आधिकारिक संख्या जारी नहीं की गई है।
घटना की जानकारी मिलते ही अतिरिक्त पुलिस बल और सुरक्षाकर्मियों को मौके पर तैनात किया गया। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए तत्काल मोर्चा संभाला और स्थिति को काबू में किया। समय रहते सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ किए जाने से बड़ा हादसा टल गया। इसके बाद दर्शकों को व्यवस्थित तरीके से स्टेडियम में प्रवेश दिलाने का प्रयास किया गया।
घटना के बाद स्टेडियम की सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
फाइनल जैसे बड़े आयोजन में दर्शकों की संभावित संख्या का सही आकलन नहीं किए जाने और प्रवेश व्यवस्था में खामियों को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि फ्री एंट्री की घोषणा के बाद भारी भीड़ उमड़ने की संभावना पहले से थी, ऐसे में अतिरिक्त गेट, बैरिकेडिंग और सुरक्षा बलों की तैनाती की जानी चाहिए थी। प्रशासन की ओर से मामले की समीक्षा किए जाने की बात कही जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित