रांची , अक्टूबर 21 -- राजधानी रांची के टेंडरग्राम स्थित झारखंड जगुआर (एसटीएफ) मुख्यालय परिसर में बुधवार को पुलिस स्मरण दिवस मनाया गया।

इस अवसर पर देश और झारखंड की आंतरिक सुरक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा उग्रवाद और आतंकवाद के खिलाफ अभियानों में अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर पुलिस अधिकारियों और जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

कार्यक्रम की शुरुआत शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। झारखंड जगुआर के आईजी अनूप बिरथरे और डीआईजी इंद्रजीत महथा ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर वीर जवानों को नमन किया। इसके बाद देश और राज्य की सुरक्षा के लिए कर्तव्य निभाते हुए शहीद हुए पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों के नामों का वाचन किया गया।

इस दौरान सुरक्षा बल के जवानों ने अपने शस्त्र झुकाकर शहीदों को सलामी दी। वहीं, उपस्थित अधिकारियों और जवानों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत वीरों को श्रद्धांजलि दी और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

इस अवसर पर आईजी अनूप बिरथरे ने कहा कि झारखंड जगुआर के वीर जवानों का बलिदान कभी व्यर्थ नहीं जाएगा। राज्य में शांति, सुरक्षा और संप्रभुता की रक्षा के लिए पुलिसकर्मियों ने जो सर्वोच्च बलिदान दिया है, उसे हमेशा याद रखा जाएगा।

उन्होंने कहा कि शहीद पुलिसकर्मियों का साहस, कर्तव्यनिष्ठा और समाज के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों को देश एवं समाज की सेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा। पुलिस स्मरण दिवस उन सभी वीर जवानों के योगदान को याद करने का अवसर है, जिन्होंने कर्तव्य का निर्वहन करते हुए अपने प्राण न्योछावर कर दिए।

कार्यक्रम के माध्यम से शहीद पुलिसकर्मियों के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया और देश व राज्य की सुरक्षा में उनके योगदान को याद किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित