रांची , सितंबर 12 -- झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (एफजेसीसीआई) के चैंबर चुनाव को लेकर आयोजित एनुअल जनरल मीटिंग (एजीएम) के समापन के बाद दो गुटों के सदस्य आपस में भिड़ गए।
चैंबर भवन परिसर में शुरू हुई तीखी बहस देखते ही देखते हंगामे में बदल गई और स्थिति हाथापाई तक पहुंच गई। मौके पर तैनात रांची पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को अलग किया और स्थिति को नियंत्रित किया।
राजधानी रांची स्थित चैंबर भवन में शनिवार को चैंबर चुनाव को लेकर एजीएम आयोजित की गई थी। इसमें बड़ी संख्या में चैंबर के सदस्यों ने हिस्सा लिया। बैठक के दौरान संस्था के विभिन्न मुद्दों, पिछले कार्यों और आगामी चुनाव की रूपरेखा को लेकर सवाल-जवाब का सिलसिला चला। एजीएम के दौरान माहौल सामान्य रहा और बैठक शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई।
एजीएम समाप्त होने के बाद चैंबर भवन परिसर में कुछ मुद्दों को लेकर दो गुटों के सदस्य आमने-सामने आ गए। पहले दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति उत्पन्न हो गई। इससे परिसर में मौजूद अन्य सदस्यों के बीच अफरा-तफरी मच गई।
स्थिति बिगड़ती देख मौके पर मौजूद रांची पुलिस के जवानों और अधिकारियों ने तुरंत हस्तक्षेप किया। पुलिस ने दोनों पक्षों को एक-दूसरे से अलग किया और मामला शांत कराया। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद स्थिति नियंत्रण में आई। घटना के बाद चैंबर भवन परिसर में कुछ देर तक तनाव का माहौल बना रहा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित