रांची , मई 26 -- झारखंड कैडर के छह वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों को केंद्र सरकार में बड़ी जिम्मेदारी मिली है।

केंद्र सरकार ने इन्हें आईजी (इंस्पेक्टर जनरल) और समकक्ष पदों पर केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के लिए इम्पैनल किया है। कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन मंत्रालय के अंतर्गत कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (डीओपीटी) द्वारा जारी आदेश में इसकी जानकारी दी गई है। प्रधानमंत्री की अध्यक्षता वाली कैबिनेट की नियुक्ति समिति (एसीसी) ने इस प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान की है।

आधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार गृह मंत्रालय की ओर से 9 अप्रैल 2026 को भेजे गए प्रस्ताव पर विचार के बाद कुल 68 आईपीएस अधिकारियों के नामों को मंजूरी दी गई। वहीं 55 अधिकारियों के नाम खारिज कर दिए गए, जबकि छह अधिकारियों के मामलों पर फैसला फिलहाल लंबित रखा गया है। इस प्रक्रिया में 2008 बैच के आईपीएस अधिकारियों के लिए प्रोविजनल कट-ऑफ स्कोर 8.76 निर्धारित किया गया था।

झारखंड कैडर से जिन अधिकारियों को केंद्र में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए चुना गया है, उनमें 2007 बैच के आईपीएस अधिकारी अखिलेश कुमार झा, मयूर पटेल कन्हैयालाल और राकेश बंसल शामिल हैं। इसके अलावा 2008 बैच के आईपीएस अधिकारी अनीश गुप्ता, एम तमिलवानन और अजय लिंडा को भी इम्पैनल किया गया है।

केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के लिए इम्पैनल होना किसी भी आईपीएस अधिकारी के करियर में बड़ी उपलब्धि माना जाता है। इसके माध्यम से अधिकारियों को केंद्रीय एजेंसियों, सुरक्षा संगठनों और अहम प्रशासनिक पदों पर कार्य करने का अवसर मिलता है। माना जा रहा है कि इन अधिकारियों के प्रशासनिक अनुभव, कार्यशैली और सेवा रिकॉर्ड को देखते हुए उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित