हजारीबाग , अप्रैल 09 -- झारखंड के हजारीबाग जिले की पुलिस ने बड़कागांव क्षेत्र में हुई ज्वेलरी दुकान लूटकांड का सफल उद्भेदन करते हुए 7 अपराधियों को गिरफ्तार किया है।
घटना को अंजाम देने वाले और मोटरसाइकिल उपलब्ध कराने वाला शामिल है। गिरफ्तार अपराधियों में विनोद कुमार भुईयाँ, प्रिंस यादव, तेजु कुमार भोक्ता, साकिन्दर कुमार गंझु, रामधनी ठठेरा, संदीप कुमार सोनी और विशाल शांताराम शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के पास से हथियार, जिंदा गोलियां, मोबाइल और अपाची मोटरसाइकिल बरामद की है। गुप्त सूचना के आधार पर टीपी-05 के पास छापेमारी कर तीन संदिग्धों को मौके से पकड़ा गया। पूछताछ में उन्होंने नंदनी ज्वेलर्स लूटकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। जांच में सामने आया कि इस घटना की साजिश पहले से रची गई थी और रेकी कर लूट को अंजाम दिया गया था। लूटे गए जेवरों को पिघलाकर दूसरे राज्यों में बेचने की बात भी सामने आई है।
छापामारी दल में पवन कुमार (अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बड़कागांव), दीपक कुमार (थाना प्रभारी), राकेश खावास, आशिष कुमार भगत, छोटु उराँव तथा बड़कागांव थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित