हजारीबाग , सितंबर 07 -- झारखंड के हजारीबाग जिले के पदमा ओपी क्षेत्र में रिटायर शिक्षक रामजय कुमार महथा पर गोली चलाने के मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे के अंदर उद्भेदन करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
सोमवार को पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले की जानकारी दी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, 6 सितंबर की सुबह करीब 8:30 बजे रामजय कुमार महथा शेविंग कराने के बाद अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार अपराधकर्मियों ने उन पर दो राउंड फायरिंग कर दी। गोली लगने से रामजय कुमार महथा गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल, हजारीबाग में भर्ती कराया गया।
घटना के बाद बरही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राधा प्रेम किशोर के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गुप्त सूचना के आधार पर ग्राम जिहु में छापेमारी की। पुलिस ने कृष्णा महतो उर्फ महेश महतो, पिता जगदीश महतो, ग्राम सुरजपुरा गली नंबर-01, थाना पदमा ओपी को उसकी बहन यशोदा देवी के घर से गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी के पास से फायर किया हुआ लोडेड इटालियन पिस्टल, आठ जिंदा गोलियां, दो मिस फायर गोलियां, दो खोखे, एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि रिटायर शिक्षक रामजय कुमार महथा के साथ उसका पूर्व से आपसी विवाद चल रहा था। इसी विवाद के कारण बदला लेने की नीयत से उसने 6 सितंबर को घटना को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार कृष्णा महतो उर्फ महेश महतो का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ पदमा, सरायकेला आरआईटी सहित अन्य थाना क्षेत्रों में चोरी, हत्या के प्रयास, रंगदारी समेत विभिन्न धाराओं में मामले दर्ज हैं।
इस त्वरित कार्रवाई में बरही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राधा प्रेम किशोर, पुलिस निरीक्षक बरही अंचल अनिल कुमार, पदमा ओपी प्रभारी पु०अ०नि० श्रवण कुमार, पु०अ०नि० आलोक कुमार सोरेन, पु०अ०नि० संदीप कुमार, पदमा ओपी के सशस्त्र बल तथा तकनीकी शाखा और संगठित अपराध शाखा के पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी शामिल रहे।
पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने कहा कि घटना के 24 घंटे के भीतर मामले का उद्भेदन कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब घटना में शामिल अन्य अपराधकर्मियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित