रांची , अक्टूबर 14 -- झारखंड के हजारीबाग जिले में दुर्गापूजा और दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने को लेकर हजारीबाग पुलिस पूरी तरह अलर्ट है।
बुधवार को पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में जिले के सभी पुलिस उपाधीक्षकों, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों, पुलिस निरीक्षकों एवं थाना प्रभारियों के साथ अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विधि-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।
एसपी ने पूजा पंडालों में महिला पुलिस बल की तैनाती तथा सादे लिबास में पुलिसकर्मियों की प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश दिया। असामाजिक तत्वों, हुड़दंगियों और पूर्व के सांप्रदायिक मामलों में संलिप्त रहे लोगों को चिह्नित कर निरोधात्मक कार्रवाई करने पर भी जोर दिया गया। पर्व के दौरान पुलिस मुख्यालय, रांची से अतिरिक्त पुलिस बल एवं केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है।
मूर्ति विसर्जन मार्गों का ड्रोन से निरीक्षण करने तथा विसर्जन स्थलों पर गोताखोर, रस्सी और ट्यूब की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। महिला उत्पीड़न, दुष्कर्म, छेड़खानी एवं पॉक्सो से जुड़े लंबित मामलों का 60 दिनों के भीतर निष्पादन करने को कहा गया।
बैठक में बताया गया कि सितंबर 2026 में जिले के विभिन्न थानों में 340 मामले दर्ज हुए, जबकि 625 मामलों का निष्पादन किया गया। इस दौरान 1549 वारंट एवं कुर्की का निष्पादन किया गया। साइबर अपराध, अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री, संगठित अपराध और अवैध खनन के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।
एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को आम जनता की शिकायतों का समयबद्ध समाधान करने तथा जेल से बाहर आए अपराधियों की गतिविधियों पर निगरानी रखने का निर्देश दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित