हजारीबाग , अक्टूबर 22 -- झारखंड के हजारीबाग जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र के उरीमारी में गुरुवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) जिलाध्यक्ष संजीव बेदिया के अंगरक्षक निरंजन महतो की गोली लगने से मौत हो गई।

घटना करीब 10 बजे जिलाध्यक्ष के आवास पर हुई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। निरंजन महतो को गोली लगने के बाद गंभीर स्थिति में देखा गया, जिसके बाद उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी।

इस संबंध में हजारीबाग एसपी अमन कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला स्वयं से गोली चलने का प्रतीत हो रहा है। घटना के समय जिस कमरे में निरंजन महतो थे, वह अंदर से बंद मिला था, जिसे तोड़कर पुलिस ने खोला। एसपी ने बताया कि यह भी संभावना है कि हथियार की सफाई के दौरान अचानक गोली चलने से घटना हुई हो। हालांकि, पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

पुलिस घटना के समय आवास पर मौजूद लोगों से भी पूछताछ कर रही है तथा गोली चलने की परिस्थितियों और हथियार से संबंधित सभी तथ्यों की जांच की जा रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के साथ-साथ पोस्टमार्टम रिपोर्ट को भी जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है।

फिलहाल पुलिस ने घटना के कारणों को लेकर अंतिम निष्कर्ष नहीं दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के बाद ही निरंजन महतो की मौत की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित