हजारीबाग , नवंबर 01 -- झारखंड के हजारीबाग जिले में पुलिस ने चरही थाना क्षेत्र में अपहरण की घटना का त्वरित उद्भेदन करते हुए अपहृत एनईपीएल आउटसोर्सिंग कंपनी के मैनेजर 35 वर्षीय भास्कर कुमार को सकुशल बरामद कर लिया।

पुलिस ने मामले में शामिल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से घटना में प्रयुक्त काला रंग का स्कॉर्पियो और क्रेटा कार समेत एक पेन ड्राइव बरामद की गई है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, बीती रात करीब 8:30 बजे तापिन साउथ सीसीएल परियोजना, चरही में कार्यरत कंपनी के मैनेजर भास्कर कुमार का अपहरण कर लिया गया था। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक हजारीबाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विष्णुगढ़ के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की।

गठित टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर तकनीकी एवं परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर वाहनों की पहचान की। जांच में एक काला रंग का क्रेटा कार (जेएच02बीके-3586) और काले रंग के दो स्कॉर्पियो वाहनों के घटना में शामिल होने की बात सामने आई।

पुलिस ने तकनीकी सहयोग से काला रंग का स्कॉर्पियो वाहन (जेएच02एयू-4625) मुफस्सिल थाना क्षेत्र से तथा क्रेटा कार (जेएच02बीके -3586) चंदवारा थाना क्षेत्र से बरामद किया। इसके बाद पुलिस ने चंदवारा थाना क्षेत्र से ही अपहृत भास्कर कुमार को सकुशल बरामद कर लिया।

पुलिस ने मामले में राजेश यादव (ग्राम भटबिघा, थाना चौपारण), विक्की कुमार (ग्राम जमुवारी, थाना इचाक), आनंद कुमार मेहता (ग्राम दाड़ीघाघर, थाना इचाक), दिलीप प्रसाद मेहता (ग्राम बड़ासी, थाना मुफस्सिल) और मनीष कुमार (ग्राम अलौंजा खुर्द, थाना इचाक) को गिरफ्तार किया है। इस संबंध में चरही थाना कांड संख्या 88/26, दिनांक 1 नवंबर 2026, धारा 140(3)/3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है।

पुलिस टीम में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विष्णुगढ़, चरही थाना प्रभारी पु०अ०नि० अजीत कुमार, मुफस्सिल थाना प्रभारी मुकेश कुमार सिंह, आंगो थाना प्रभारी दीपक कुमार सहित चरही थाना के पुलिस पदाधिकारी, तकनीकी शाखा के पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिसकर्मी तथा सशस्त्र बल शामिल थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित