हजारीबाग , अक्टूबर 28 -- झारखंड के हजारीबाग जिले के केरेडारी प्रखंड क्षेत्र में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए कराली एवं पाताल पंचायत के पंचायत सेवक तालेश्वर दास को 9,000 रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि पंचायत सेवक द्वारा कथित रूप से रिश्वत की मांग की गई थी। शिकायत मिलने के बाद एसीबी की टीम ने मामले की जांच की और कार्रवाई करते हुए पंचायत सेवक को रिश्वत की राशि के साथ गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम आरोपी पंचायत सेवक को अपने साथ ले गई। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
एसीबी की इस कार्रवाई के बाद प्रखंड कार्यालय एवं संबंधित सरकारी महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। भ्रष्टाचार के खिलाफ एसीबी की लगातार कार्रवाई से रिश्वतखोरी में संलिप्त सरकारी कर्मचारियों में भी खलबली मची है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित