रांची , सितंबर 27 -- झारखंड के सिमडेगा जिले से नाबालिग बालिका के अपहरण के मामले मेंपुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से सकुशल बरामद कर लिया।

पुलिस ने मामले में शामिल आरोपी को भी गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में आज भेज दिया है। पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि, 20 सितंबर को सिमडेगा थाना क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने अपनी नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा कहीं ले जाने को लेकर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। आवेदन के आधार पर सिमडेगा थाना में कांड संख्या 124/2026, दिनांक 22 सितंबर 2026 के तहत धारा 137(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। अनुसंधान के दौरान टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के साथ मानवीय सूचना का समन्वय करते हुए आरोपी और नाबालिग की लोकेशन का पता लगाया। इसके बाद पुलिस टीम ने 25 सितंबर को उत्तर प्रदेश के गोरखपुर शहर में कार्रवाई करते हुए नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर लिया।

पुलिस ने मामले में शामिल अप्राथमिकी अभियुक्त अधन्न वारीस उर्फ अयान अंसारी (20 वर्ष), पिता मो. आयुब अंसारी, निवासी मिर्जापुर मोहल्ला, साहबगंज, थाना राजघाट, जिला गोरखपुर (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त को आज को न्यायिक हिरासत में भेजा गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित