रांची , जून 06 -- झारखंड के सिमडेगा जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ सिमडेगा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 37 किलोग्राम गांजा के साथ चार तस्करों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन और 4 हजार रुपये नकद भी बरामद किए हैं। गिरफ्तार सभी आरोपियों को शनिवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, एसपी श्रीकांत एस. खोटरे को गुप्त सूचना मिली थी कि सिमडेगा थाना क्षेत्र के सलडेगा टोंगरी टोली स्थित केलाघाघ डैम के समीप कुछ लोग मोटरसाइकिल के जरिए गांजा की खरीद-बिक्री कर रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
पुलिस की टीम ने केलाघाघ डैम के पास छापेमारी कर मौके से तीन लोगों को हिरासत में लिया। पूछताछ में उनकी पहचान उदित 26 वर्षीय एडिसन मिंज निवासी सलडेगा, 33 वर्षीय अमित केरकेट्टा तथा 31 वर्षीय रिहातुन रजा अंसारी उर्फ सोनू उर्फ बौना निवासी झारसुगुड़ा, ओडिशा के रूप में हुई। तलाशी के दौरान पुलिस ने मौके से 10.245 किलोग्राम गांजा और दो मोटरसाइकिल बरामद की।
पुलिस पूछताछ में आरोपी उदित एडिसन मिंज ने अपने घर में भी गांजा छिपाकर रखने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने घर में छापेमारी की, जहां से 26.750 किलोग्राम गांजा और बरामद किया गया। इस तरह पुलिस ने कुल 36.995 किलोग्राम गांजा जब्त किया। बरामद गांजा की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि वे ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले के टांगरगांव निवासी दुलेश्वर आपट से गांजा खरीदकर सिमडेगा और आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई करते थे। पुलिस ने कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए दुलेश्वर आपट को भी गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की गहन जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि इस गिरोह से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं तथा अब तक कितनी मात्रा में गांजा की तस्करी की जा चुकी है।
सिमडेगा पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित