साहिबगंज , मई 22 -- झारखंड के साहिबगंज जिले के बोरियो थाना क्षेत्र के मोतीपहाड़ी पंचायत अंतर्गत बड़ा बरमसिया गांव में जमीन विवाद को लेकर 45 वर्षीय चंपई मरांडी की हत्या मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है।

पुलिस ने गुरुवार को मृतक का शव घर से करीब तीन किलोमीटर दूर मेरले घुटू इलाके से बरामद किया। मामले में मृतक के चचेरे भाई समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

नव पदस्थापित अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुशील कुमार ने शुक्रवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि चंपई मरांडी बीते 12 मई से लापता था। उसकी पत्नी संजी हेंब्रम लगातार उसकी तलाश कर रही थी। बुधवार को उन्होंने थाना में आवेदन देकर पति की हत्या की आशंका जताई। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने मृतक के चचेरे भाई बाबूजी मरांडी और उसके सहयोगी मंगल टुडू को बिहार के मनिहारी घाट से गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने हत्या की बात स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर गुरुवार को मेरले घुटू से शव बरामद किया गया। बहरहाल दोनों आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। मौके पर बोरियो थाना प्रभारी रोहित कुमार भी मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित