रांची , अक्टूबर 21 -- झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर में वेज रोल के ऑर्डर में देरी को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया।
इस दौरान हुई चाकूबाजी में मानगो निवासी शेखर नामक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य युवक घायल हो गए। घटना कल देर रात करीब एक बजे की है। वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि शेखर आदित्यपुर में शंभू सिंह के पूजा पंडाल में लाइटिंग का काम कर रहा था। इसी दौरान वह अपने साथी गोलू के साथ आयडा के सामने स्थित एक फास्ट फूड ठेले पर वेज रोल खाने पहुंचा। यहां ऑर्डर मिलने में देरी को लेकर शेखर और दुकानदार के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि इसी दौरान दुकानदार ने चाकू निकाल लिया और हमला कर दिया। स्थिति बिगड़ने पर शेखर ने फोन कर पूजा समिति के सदस्यों को मदद के लिए बुलाया।
सूचना मिलने पर सन्नी, सागर झा और अरुण पांडे मौके पर पहुंचे। इस दौरान हुई चाकूबाजी में तीनों युवक घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
इस वारदात में शेखर की जान चली गई। मामूली विवाद में हुई हत्या की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित