रांची , जुलाई 13 -- झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने राज्य की माताओं और नवजात शिशुओं को समर्पित एक महत्वपूर्ण पहल की घोषणा करते हुए कहा कि राज्य के सभी सदर अस्पतालों में गर्भवती महिलाओं एवं नवजात शिशुओं के लिए अत्याधुनिक "सी-विंग (मदर एंड चाइल्ड हॉस्पिटल)" विकसित किया जाएगा।

इस परियोजना का उद्देश्य सुरक्षित मातृत्व, गुणवत्तापूर्ण प्रसव सेवाएं तथा नवजात शिशुओं की बेहतर चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करना है।

डॉ. अंसारी ने कहा कि लगातार बढ़ रही मरीजों की संख्या और सरकारी अस्पतालों पर बढ़ते जनविश्वास को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। पहले जहां बड़ी संख्या में लोग निजी अस्पतालों की ओर रुख करते थे, वहीं अब झारखंड की जनता का भरोसा सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था पर लगातार बढ़ा है। यह स्वास्थ्य विभाग के लिए गर्व की बात है और इसी विश्वास को और मजबूत बनाने के लिए सरकार लगातार नई पहल कर रही है।

उन्होंने कहा कि हमारी सरकार मां और बहनों के सम्मान तथा उनके स्वास्थ्य की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। गर्भवती महिलाओं को प्रसव से पहले, प्रसव के दौरान और प्रसव के बाद एक ही परिसर में सभी आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इन अस्पतालों में विशेषज्ञ स्त्री एवं प्रसूति रोग चिकित्सक, शिशु रोग विशेषज्ञ, प्रशिक्षित नर्सें, आधुनिक लेबर रूम, ऑपरेशन थिएटर, नवजात गहन चिकित्सा इकाई (एसएनसीयू) तथा आवश्यक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध होंगे।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सी-विंग (मदर एंड चाइल्ड हॉस्पिटल) के निर्माण की विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जा रही है। इसका उद्देश्य प्रत्येक जिले में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को राष्ट्रीय स्तर के अनुरूप विकसित करना है, ताकि किसी भी गर्भवती महिला को बेहतर इलाज के लिए दूसरे जिले या निजी अस्पतालों का सहारा न लेना पड़े।

उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य केवल स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार करना नहीं, बल्कि स्वस्थ परिवार, सुरक्षित मातृत्व, स्वस्थ बचपन और सशक्त झारखंड का निर्माण करना है। जब एक मां सुरक्षित होगी, तभी एक स्वस्थ समाज और मजबूत राष्ट्र का निर्माण होगा।

डॉ. अंसारी ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग में वर्षों से चली आ रही कमियों को दूर करने के लिए लगातार सुधारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं। सरकार अस्पतालों की आधारभूत संरचना को मजबूत करने, डॉक्टरों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की नियुक्ति, आधुनिक उपकरणों की उपलब्धता तथा मरीजों को गुणवत्तापूर्ण और सम्मानजनक उपचार उपलब्ध कराने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में झारखंड की सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था देश की सबसे भरोसेमंद व्यवस्थाओं में शामिल होगी और हर मां तथा हर नवजात शिशु को सुरक्षित, सम्मानजनक एवं आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित