साहिबगंज , अक्टूबर 23 -- झारखंड के संथाल परगना प्रमंडल के आयुक्त शैलेंद्र कुमार लाल शुक्रवार को साहिबगंज जिला अंतर्गत बरहरवा पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया।
आयुक्त के आगमन पर पुराने परिचितों, शुभचिंतकों और स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।
ज्ञातव्य है कि शैलेंद्र कुमार लाल का बरहरवा से पुराना नाता रहा है। वे 11 जनवरी 2007 से 8 अक्टूबर 2010 तक बरहरवा प्रखंड में प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) के पद पर कार्यरत थे। इस दौरान उनके पास सीओ का अतिरिक्त प्रभार भी था। वे पतना और उधवा अंचल में भी प्रशासनिक जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। करीब पौने चार साल बाद प्रमंडलीय आयुक्त के रूप में अपने पुराने कार्यक्षेत्र में लौटने पर लोगों ने आत्मीयता के साथ उनका स्वागत किया।
बरहरवा पहुंचने से पूर्व आयुक्त ने ऐतिहासिक मां विंध्यवासिनी मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और माथा टेककर आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर मंदिर कमेटी की ओर से उन्हें मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया गया। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कमल कुमार आर्य सहित अन्य लोगों ने बुके देकर स्वागत किया।
इसके बाद आयुक्त बरहरवा प्रखंड सह अंचल कार्यालय पहुंचे, जहां उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। उन्होंने कार्यालय का निरीक्षण कर विभिन्न दस्तावेजों एवं अभिलेखों का अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों से कार्य प्रगति की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरे के दौरान आयुक्त सचिव रवि प्रकाश, आरटीए सचिव झुन्नू मिश्रा, प्रशाखा पदाधिकारी उदय दास, सौरभ तिवारी, डीडीसी सतीश चंद्रा, बरहरवा बीडीओ सन्नी कुमार दास, सीओ अनुज कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित