रांची , सितंबर 16 -- झारखंड के लोहरदगा जिले के कुड़ू थाना क्षेत्र के सलगी गरभू टोली गांव में बुधवार सुबह करीब 9 बजे पिता ने अपने ही बेटे की टांगी से वार कर हत्या कर दी।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पिता फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए करीब एक घंटे के भीतर उसे सलगी जंगल से हिरासत में ले लिया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त टांगी भी बरामद कर ली है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सलगी गरभू टोली निवासी सुरेश वर्मा और उसके पुत्र संजय वर्मा के बीच पिछले एक सप्ताह से विवाद चल रहा था। सुरेश के नशे की हालत में रहने को लेकर संजय उसका विरोध करता था।
आज सुबह सुरेश घर से निकला और कुछ देर बाद नशे की हालत में वापस घर लौटा। उस समय संजय अपने कमरे में सो रहा था। घर लौटने के बाद सुरेश ने टांगी से सो रहे संजय पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से संजय की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। कुछ देर बाद घर के अन्य सदस्यों को इस घटना की जानकारी हुई।
कमरे में संजय को मृत अवस्था में देखकर स्वजनों ने इसकी सूचना कुडू थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कुडू थाना प्रभारी अजीत कुमार दल-बल के साथ गांव पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित