रांची , अक्टूबर 09 -- झारखंड के लातेहार जिले के हेरहंज थाना क्षेत्र के मेलम गांव की एक महिला के साथ कथित मारपीट के मामले में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के संज्ञान के बाद पुलिस ने कार्रवाई की है। लातेहार के एसपी कुमार गौरव ने जांच रिपोर्ट के आधार पर बरियातू थाना प्रभारी प्रभात दास और सिपाही मनीष कुमार को निलंबित कर दिया है। जांच में छापेमारी के दौरान पुलिसकर्मियों की ओर से कानूनी प्रावधानों का पालन नहीं किए जाने की बात सामने आई है।

मेलम गांव निवासी मुनिया देवी ने आरोप लगाया था कि छह अक्टूबर को वह बकरी चरा रही थीं। इसी दौरान सादे कपड़ों में बरियातू थाना क्षेत्र के कुछ पुलिसकर्मी वहां पहुंचे और उन पर अफीम तस्करी का आरोप लगाते हुए मारपीट करने लगे। महिला का कहना है कि जब उन्होंने और मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने इसका विरोध किया, तो पुलिसकर्मी उन्हें पकड़कर थाने ले गए। महिला ने थाने में भी मारपीट किए जाने का आरोप लगाया है। उन्होंने पुलिसकर्मियों पर अन्य आरोप भी लगाए हैं।

घटना के बाद गुरुवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण लातेहार स्थित एसपी कार्यालय पहुंचे। ग्रामीणों ने एसपी से मुलाकात कर मामले की जानकारी दी और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों के आवेदन पर एसपी ने त्वरित जांच का आश्वासन दिया और मामले की पड़ताल के लिए एक टीम गठित की।

जांच टीम की रिपोर्ट मिलने के बाद एसपी ने बरियातू थाना प्रभारी प्रभात दास और सिपाही मनीष कुमार को निलंबित करने का आदेश दिया। जांच में छापेमारी की प्रक्रिया के दौरान कानूनी प्रावधानों का पालन नहीं किए जाने की बात सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई।

मामले का वीडियो और उससे जुड़ी जानकारी सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी इसका संज्ञान लिया था। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लातेहार पुलिस को टैग करते हुए मामले की जांच करने और आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया था। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद जांच प्रक्रिया तेज हुई और रिपोर्ट के आधार पर संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित