रामगढ़ , अक्टूबर 29 -- झारखंड के रामगढ़ जिले के पतरातू अनुमंडल में एटीएम मशीन से छेड़छाड़ कर रुपये निकालने और फर्जी हेल्पलाइन नंबर के जरिए लोगों को ठगने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है।
पुलिस ने गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से अलग-अलग बैंकों के 18 एटीएम कार्ड, 8970 रुपये नकद, चार एंड्रॉयड मोबाइल, एक कीपैड मोबाइल, दो स्कूटी और एटीएम मशीन से छेड़छाड़ में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत के निर्देश पर पतरातू अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआइटी) का गठन किया गया था। तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर टीम ने कार्रवाई करते हुए चार संदिग्धों को पकड़ा। पूछताछ में आरोपितों ने पिछले दिनों एटीएम मशीनों से छेड़छाड़ कर रुपये निकालने की बात स्वीकार की है।
इस मामले में पतरातू थाना कांड संख्या 19/2026, भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं और आइटी एक्ट की धारा 66(सी) में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर जिले के छजारसी निवासी 28 वर्षीय मनीष कुमार और 30 वर्षीय मो. आसिफ, रामगढ़ जिले के विकास नगर, गोशाला निवासी 37 वर्षीय सूरज कुमार तथा बिहार के नवादा जिले के सीतामढ़ी थाना क्षेत्र के दौलतपुरा निवासी 25 वर्षीय आयुष कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपित अलग-अलग राज्यों के रहने वाले हैं और इनके पास से मिले सामान की जांच की जा रही है।
बरामद सामान में दो स्कूटी भी शामिल हैं। इनमें एक स्कूटी का पंजीकरण नंबर यूपी16एफआर 1582 है, जबकि दूसरी स्कूटी पर पंजीकरण नंबर अंकित नहीं है। पुलिस ने एटीएम मशीन से छेड़छाड़ में प्रयुक्त इंजीनियरिंग टूल्स के साथ दो बड़े पेचकस, दो छोटे पेचकस और एक प्लास भी जब्त किया है।
पुलिस गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और दूसरे क्षेत्रों में हुई ऐसी घटनाओं के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित