रांची , सितंबर 08 -- झारखंड के रामगढ़ जिले की चुट्टूपालू घाटी में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई।
रांची की ओर से सरिया लेकर हजारीबाग जा रहा एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे करीब 20 फीट गहरे गड्ढे में जा गिरा। ट्रेलर पर लदा सरिया उसके नीचे दब गया, जिसकी चपेट में आने से दो लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही रामगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची। घंटों की मशक्कत के बाद सरिया हटाकर दोनों शवों को बाहर निकाला गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। मृतकों की पहचान अब तक नहीं हो सकी है।
पुलिस सूत्रों से मिली अनुसार, ट्रेलर चुट्टूपालू घाटी में वन विभाग के रेस्ट हाउस के सामने पहुंचा था, तभी चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। चालक ने सड़क किनारे ट्रेलर रोकने का प्रयास किया, लेकिन वाहन सड़क से नीचे उतर गया और करीब 20 फीट गहरे गड्ढे में जा गिरा। हादसा इतना भीषण था कि ट्रेलर के परखच्चे उड़ गए और उस पर सवार दोनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
रामगढ़ थाना के एएसआई मनोज कुमार ने बताया कि घाटी क्षेत्र में तीखी ढलान के कारण यहां आए दिन सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं। उन्होंने बताया कि सरिया हटाने का काम जारी है और यह भी जांच की जा रही है कि कहीं कोई अन्य व्यक्ति गड्ढे में दबा तो नहीं है।
चुट्टूपालू घाटी में लगातार हो रहे हादसों ने सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह इलाका लंबे समय से दुर्घटना-संभावित क्षेत्र बना हुआ है, लेकिन इसके बावजूद यहां स्थायी और प्रभावी सुरक्षा इंतजामों की कमी बनी हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित