रामगढ़ , अक्टूबर 18 -- झारखंड के रामगढ़ जिले के कुजू ओपी क्षेत्र के करमा उचकाहा में रविवार को संपत्ति विवाद में बड़े भाई ने छोटे भाई की फरसा से वार कर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान 50 वर्षीय काजरु महतो और आरोपी की पहचान 55 वर्षीय लखन महतो के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हथियार जब्त कर लिया है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, दोनों भाइयों के बीच सीसीएल से सेवानिवृत्त पिता के पैसों से खरीदी गई जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। घटना के समय छोटा भाई घर के बाहर खड़ा था। इसी दौरान बड़े भाई ने उस पर फरसा से वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
स्थानीय लोगों ने बताया को किसी बात को लेकर दोनों भाइयों के बीच विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते इस विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि बड़े भाई लखन महतो ने फरसा से अपने छोटे भाई काजरु महतो पर अचानक हमला कर दिया। इस हमले में काजरु महतो की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की भयावहता से परिजन और आसपास के लोग पूरी तरह स्तब्ध रह गए। घर में चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुटने लगी।
घटना की सूचना मिलने पर कुजू पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी बड़े भाई को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित