रामगढ़ , अक्टूबर 28 -- झारखंड के रामगढ़ जिले के कुजू ओपी क्षेत्र के रोशन नगर, रउता में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले का पुलिस ने आज खुलासा किया है।
मामले में पुलिस ने गुलाम सरवर उर्फ राजन और नेहा परवीन को गिरफ्तार किया है। दोनों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की गई। पुलिस सूत्रों के अनुसार, 17 अक्टूबर 2026 को रोशन नगर में एक महिला का शव उसके घर पर मिलने की सूचना मिली थी।
मृतका की पहचान जेबा परवीन के रूप में हुई। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मेडिकल बोर्ड की निगरानी में पोस्टमार्टम कराया। वहीं, एफएसएल टीम ने घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य एकत्र किए। मामले की गंभीरता को देखते हुए रामगढ़ के पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया। कांड के अनुसंधान के दौरान पुलिस ने मानवीय और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि मृतका जेबा परवीन का पति और आरोपी गुलाम सरवर उर्फ राजन के बीच पारिवारिक संबंध थे। आरोपी नेहा परवीन मृतका की बहन बताई गई है। पुलिस के मुताबिक, नेहा और राजन के बीच कथित अवैध संबंध को लेकर विवाद की बात सामने आई है।
जाँच के अनुसार, 17 अक्टूबर की रात मृतका के घर में विवाद हुआ था। पुलिस का दावा है कि आरोपियों ने जेबा परवीन को घर से जाने के लिए कहा। इसके बाद मारपीट की गई, जिसमें महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने महिला के बेहोश होने के बाद उसे घर की दीवार से पटकने की बात भी स्वीकार की। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के लिए भेज दिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित