रांची , अप्रैल 19 -- झारखंड की राजधानी रांची के टाटीसिल्वे थाना क्षेत्र में रविवार को एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।

यह शव बड़ाम डेयरी फार्म के समीप स्थित एक मैदान से बरामद किया गया, जहां स्थानीय लोगों की नजर पड़ने के बाद पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही टाटीसिल्वे थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मृतक के शरीर पर कई जगह चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पुलिस हत्या सहित अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

मृतक की पहचान जोरार कैलाश नगर निवासी जितेंद्र तिवारी के पुत्र अभिजीत तिवारी के रूप में की गई है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए, जिनका रो-रोकर बुरा हाल था।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है, ताकि मौत के सही कारणों का पता लगाया जा सके। साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित