रांची , जून 14 -- झारखंड की राजधानी रांची में रविवार सुबह अलग-अलग थाना क्षेत्रों से दो शव बरामद होने के बाद सनसनी फैल गई। दोनों मामलों में पुलिस जांच में जुट गई है और मौत के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
पहला मामला बरियातू थाना क्षेत्र का है। रिम्स ट्रॉमा सेंटर के पास स्थित एक तालाब से एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद किया गया। स्थानीय लोगों ने रविवार सुबह तालाब में शव देखे जाने की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही बरियातू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को तालाब से बाहर निकलवाया।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। शव की तस्वीर जिले के विभिन्न थानों को भेजी गई है, ताकि कहीं गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज होने पर उसकी पहचान की जा सके। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
वहीं दूसरा मामला धुर्वा थाना क्षेत्र का है। जगन्नाथपुर मंदिर के पीछे स्थित एक पुल के नीचे एक व्यक्ति का शव बरामद किया गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया।
धुर्वा थाना प्रभारी अरुण महथा ने बताया कि मृतक की पहचान धुर्वा निवासी मनोरंजन सिंह के रूप में हुई है। परिजनों के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। पुलिस फिलहाल हत्या और दुर्घटना दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। दोनों मामलों की जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित