रांची , अप्रैल 21 -- झारखंड की राजधानी के पंडरा ओपी क्षेत्र स्थित ओटीसी मैदान के पास मंगलवार सुबह बाइक सवार अपराधियों ने जमीन कारोबारी भार्गव सिंह को गोली मार दी।

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि आरोपी वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। भार्गव सिंह सुबह मंदिर में पूजा करने पहुंचे थे, तभी तीन बाइक सवार अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली उनके दाहिने सीने में लगी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल सिटी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पारस हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया।

घायल भार्गव सिंह बैंक कॉलोनी के निवासी बताए जा रहे हैं और 'गोल्डन सिटी इंडिया' नामक कंस्ट्रक्शन कंपनी का संचालन करते हैं।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, हुरहुरी इलाके में एक नए प्रोजेक्ट को लेकर उनका विजय हेंड्रिक टेटे नामक व्यक्ति से जमीन विवाद चल रहा था। दोनों के बीच हाल ही में कहासुनी भी हुई थी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि भार्गव सिंह हर मंगलवार को बजरंगबली मंदिर में पूजा करने आते थे। आशंका जताई जा रही है कि अपराधियों ने पहले उनकी रेकी की और फिर सुनियोजित तरीके से हत्या के इरादे से हमला किया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और फरार अपराधियों की तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित