रांची , सितंबर 16 -- झारखंड की राजधानी रांची में अपराध नियंत्रण और आगामी त्यौहारों को लेकर एसएसपी राकेश रंजन कल देर रात पुलिस पदाधिकारियों के साथ शहर और ग्रामीण इलाकों के विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों के निरीक्षण पर निकले। इस दौरान उन्होंने क्राइम ब्लैक स्पॉट, स्नैचिंग प्रभावित क्षेत्रों, अड्डेबाजी और नशेबाजी वाले स्थानों के साथ-साथ यातायात व्यवस्था का भी जायजा लिया। एसएसपी ने संबंधित पुलिस अधिकारियों को संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाने और अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह, सिटी एसपी पारस राणा, ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी, कोतवाली एसपी निखिल राय समेत कई डीएसपी और थाना प्रभारी मौजूद रहे। पुलिस टीम ने तिलता चौक, कटहल मोड़, ओटीसी ग्राउंड, बड़ा तालाब, अरगोड़ा चौक सहित अन्य संवेदनशील क्षेत्रों का भौतिक निरीक्षण किया।

एसएसपी ने उन स्थानों की भी स्थिति देखी, जहां असामाजिक तत्वों के जमावड़े, नशेबाजी या आपराधिक गतिविधियों की शिकायतें मिलती रही हैं। सुखदेवनगर, पंडरा, कोतवाली और अरगोड़ा थाना क्षेत्र के अलावा मुंडला पहाड़ समेत अन्य इलाकों में पुलिस गश्ती और निगरानी व्यवस्था की समीक्षा की गई। थाना प्रभारियों को संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने और नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।

इसी क्रम में मुंडला पहाड़ क्षेत्र में पुलिस ने छापेमारी की, जहां से अवैध शराब बरामद किए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस की ओर से असामाजिक गतिविधियों और अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने की बात कही गई है।

गणेश पूजा को लेकर बनाए गए विभिन्न पूजा पंडालों और आयोजन स्थलों का भी निरीक्षण किया गया। पंडालों के आसपास भीड़ नियंत्रण, पार्किंग, यातायात प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। एसएसपी ने अधिकारियों को पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया।

अपर बाजार स्थित बड़ा तालाब और आसपास के क्षेत्रों में पूर्व में हुई चोरी और छिनतई की घटनाओं को देखते हुए पुलिस गश्ती और निगरानी को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया। संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान यातायात व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। पुलिस टीम ने ऐसे डिवाइडर कटिंग को चिन्हित किया, जिनके कारण जाम की स्थिति उत्पन्न होती है। ट्रैफिक एसपी के साथ चर्चा के बाद इन कटिंग को स्लाइडिंग बैरियर के माध्यम से बंद कराने का निर्णय लिया गया। वहीं सड़क किनारे अनधिकृत रूप से खड़े ऑटो और अन्य वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है। नो-पार्किंग और अनधिकृत पार्किंग वाले स्थानों पर जुर्माना और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

एसएसपी श्री रंजन ने स्पष्ट किया कि गणेश पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए। अपराध, स्नैचिंग, अड्डेबाजी, नशेबाजी और अन्य असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ सघन निगरानी और प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी रखने का निर्देश दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित