बोकारो , मई 04 -- झारखंड के बोकारो स्टील सिटी रेलवे स्टेशन से रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने 'ऑपरेशन नार्कोस' के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है।
आधिकारिक सूत्रों ने आज यहां बताया कि बरामद गांजे की कुल मात्रा 11.170 किलोग्राम है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 5.58 लाख रुपये है। आरपीएफ बोकारो पोस्ट के ऑफिसर इंचार्ज संतोष कुमार ने बताया कि, आज ट्रेन संख्या 18403 (भुवनेश्वर-धनबाद एक्सप्रेस) के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर पहुंचने के बाद आर पी एफ टीम ने जांच अभियान चलाया। इसी दौरान एस 8 और जनरल कोच के बीच एक लावारिस नीले रंग का ट्रॉली बैग संदिग्ध अवस्था में मिला। आसपास के यात्रियों से पूछताछ की गई, लेकिन कोई भी बैग का दावा करने सामने नहीं आया।
बैग को प्लेटफॉर्म पर लाकर अधिकारियों की मौजूदगी में जांच की गई। इसमें ब्राउन टेप से लिपटे चार पैकेट मिला ।एक पैकेट खोलने पर उसमें गांजा होने की पुष्टि हुई। इसके बाद पूरी कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में पूरी की गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित