बोकारो , जुलाई 26 -- झारखंड में बोकारो जिले के गांधीनगर थाना क्षेत्र के चार नंबर एरिया में कोयला चोरी रोकने को लेकर चलाए गए छापेमारी अभियान के दौरान केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के जवानों पर कोयला चोरों ने अचानक हमला कर दिया।
आधिकारिक सूत्रों ने आज यहां बताया कि इस दौरान हुए लाठी चार्ज में एक युवक घायल हो गया। घायल युवक और उसके परिजनों ने सी आई एस एफ पर बेरहमी से मारपीट का आरोप लगाया है, घायल युवक के मां का कहना है जलावन के लिए चार बोड़ा कोयला लेकर जा रहा था। इसी दौरान सीआईएसएफ के जवान ने रोका और बुरी तरह से पिटाई कर दिया, जिसके कारण उसका सिर फट गया है। शरीर के कई जगहों पर गंभीर चोट लगी है. पुलिस मामले की जांच को लेकर अस्पताल पहुंच गई है।
वहीं दूसरी ओर सीआईएसएफ ने इन आरोपों से इनकार किया है। सीआईएसएफ कमांडेंट (अतिरिक्त प्रभार) आशुतोष चौधरी का कहना है कि कानून के तहत जो मुझे पावर दिया गया है, क्षेत्र में हो रहे कोयला चोरी रोकने को लेकर हमारे जवान द्वारा कार्रवाई की जा रही थी। इसी दौरान चार बाइक पर कोयला लोड किए हुए दो बाइक सवार भाग गए। इनको भी रोकने का प्रयास किया गया।
भागने के क्रम में गिर गये जिससे उसके सिर में थोड़ा खर्च आया है जिसे हमारे जवानों ने उठा कर ढोरी सेंट्रल हॉस्पिटल में एडमिट करा दिया। घायल युवक के परिजन पहुंचकर हंगामा कर रहे हैं। कार्रवाई का कुछ लोगों ने विरोध किया और सीआईएसएफ की सरकारी गाड़ी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
घटना के बाद घायल युवक को सेंट्रल कोलफील्ड लिमिटेड (सीसीएल) के ढोरी केंद्रीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां परिजनों और स्थानीय लोगों के पहुंचने से माहौल तनावपूर्ण हो गया.सुरक्षा के मद्देनज़र अस्पताल परिसर में अतिरिक्त सी आई एस एफ बल तैनात किया गया है। वहीं पूरे मामले की जांच बेरमो पुलिस कर रही है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि घटना किन परिस्थितियों में हुई है। क्षेत्र में बड़ी संख्या में बाइक द्वारा कोयला का अवैध कारोबार संचालित होता है। सीआईएसफ के लगातार छापामारी से कोयला के अवैध कारोबारी मैं बौखलाहट शुरू हो गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित