बोकारो , अक्टूबर 16 -- झारखंड के बोकारो में शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने के आरोप में बोकारो नगर महिला थाना पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है।

पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान संतोष कुमार, पिता प्रदीप कुमार शर्मा, निवासी कोराडीह बस्ती, बालीडीह थाना क्षेत्र, बोकारो के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे शुक्रवार को उसके घर से गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, 12 अक्टूबर को पीड़िता ने नगर महिला थाना में संतोष कुमार के खिलाफ शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने का आरोप लगाते हुए लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर नगर महिला थाना कांड संख्या 25/26 दर्ज किया गया। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 69, 89, 351(2) और 351(3) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले के अनुसंधानकर्ता पुलिस अवर निरीक्षक अखिलेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 16 अक्टूबर को आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उसके घर पर छापेमारी की। इस दौरान उसे गिरफ्तार कर लिया गया। छापेमारी दल में पुलिस अवर निरीक्षक अखिलेश कुमार, सहायक अवर निरीक्षक कुलदीप महतो, सहायक अवर निरीक्षक मेनका हेम्ब्रम और महिला आरक्षी 1104 मलिका नायक शामिल थीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित