बोकारो , मई 21 -- झारखंड में बोकारो जिले के सियालजोरी ओपी पुलिस ने पिस्तौल दिखाकर तलाकशुदा पत्नी को जान से मारने की धमकी देने के आरोप में 40 वर्षीय मनोज रजवार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि विगत 19 मई की रात्रि लगभग 11 बजे डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली कि ग्राम तेतुलिया में मनोज रजवार अपनी पूर्व पत्नी लक्ष्मी देवी को पिस्तौल दिखाकर जान से मारने की धमकी दे रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन कर त्वरित कार्रवाई की गई।

एसआईटी टीम ने ग्राम तेतुलिया में घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी की निशानदेही पर एक लोडेड देसी कट्टा और उसकी लाल रंग की मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन नंबर जेएच10सीपी9992) बरामद की गई। बताया गया है कि आरोपी का निवास दुखीडीह बस्ती, थाना कतरास (कपूरिया ओपी) जिला धनबाद है और वह कैलाश रजवार के पुत्र है।

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी और पीड़िता के बीच लगभग तीन वर्ष पूर्व धनबाद न्यायालय से तलाक हो चुका है। उसके बाद भी आरोपी बार-बार महिला को धमकाता था और बेटी को जबरन अपने साथ ले जाने का प्रयास करता था। घटना के दिन पीड़िता अपनी बहन के घर ग्राम तेतुलिया आई हुई थी, जहां आरोपी ने पिस्तौल दिखाकर धमकी दी। घटना के संबंध में सियालजोरी थाना में कांड संख्या 30/2026 दर्ज की गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित