बोकारो , जुलाई 09 -- झारखंड के बोकारो जिले में पुलिस ने बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चोरी के नौ बाइक बरामद कर मास्टरमाइंड को गिरफ्तार किया है।

पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि विगत एक जुलाई को हरला थाना क्षेत्र के बीएसएल सेक्टर-9/डी से सुदेश कुमार की अपाची बाइक चोरी हो गई थी। शिकायत मिलने के बाद हरला थाना में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

लगातार हो रही बाइक चोरी की घटनाओं को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष टीम बनाई गई। जांच के दौरान मिले सुराग और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने धनबाद के कतरास इलाके के रहने वाले 23 वर्षीय अरमान कुमार यादव उर्फ अमन कुमार को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में आरोपी की निशानदेही पर चोरी की गई कुल 9 मोटरसाइकिलें बरामद हुईं। इनमें अपाचे, स्प्लेंडर, पैशन, शाइन और टीवीएस रेडिऑन जैसी कई बाइक शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी चोरी की बाइक खरीदने और बेचने का काम करता था। इस मामले में एक विधि-विरुद्ध किशोर की भी संलिप्तता सामने आई है, जिसे निरुद्ध किया गया है।

जांच में यह भी पता चला है कि आरोपी के खिलाफ पहले से वाहन चोरी के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह में और कौन-कौन शामिल हैं तथा चोरी की अन्य बाइकें कहां बेची गई हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित