बोकारो , अक्टूबर 21 -- झारखंड में बोकारो जिले के माराफारी थाना क्षेत्र की बीएसएल झोपड़ी कॉलोनी में हुए युवक की हत्या के मामले को पुलिस ने खुलासा कर इस मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि नशे के लिए पैसे नहीं मिलने पर हुए विवाद के बाद युवक की हत्या की गई। मामले की जांच के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) ने मुख्य आरोपी सूरज कुमार उर्फ भूरा (28) को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने घटनास्थल से गमछा, चप्पल और गंजी समेत कई अहम साक्ष्य बरामद किया है।

पुलिस के मुताबिक, वारदात 17-18 अक्टूबर 2026 की रात माराफारी थाना क्षेत्र के डोमपाड़ा के नीचे स्थित खाली जगह पर हुई थी। यह स्थान बीएसएल झोपड़ी कॉलोनी में कृष्ण मंदिर के पास है। घटना के संबंध में माराफारी थाना कांड संख्या 85/2026, दिनांक 18 अक्टूबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1)/3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

पुलिस की जांच और परिजनों के बयान के आधार पर हत्या की वजह नशे के लिए पैसे नहीं मिलना बताई जा रही है। जांच में सामने आया कि आरोपी पैसे मांग रहा था। पैसे नहीं मिलने पर विवाद हुआ, जिसके बाद युवक की हत्या कर दी गई।

पुलिस के अनुसार, आरोपी की मां और बहनों ने भी उसके गुस्सैल स्वभाव के संबंध में जानकारी दी है। हालांकि, मामले के अन्य पहलुओं की जांच अभी जारी है।

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से एक गमछा, चप्पल और गंजी बरामद की है। पुलिस के अनुसार, बरामद गंजी पर 'हर-हर महादेव' लिखा हुआ था। इन सामानों की पहचान आरोपी और उसके परिजनों ने की है। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, डॉग स्क्वॉड और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया। बरामद सामान को मामले में महत्वपूर्ण साक्ष्य माना जा रहा है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान 28 वर्षीय सूरज कुमार उर्फ भूरा, पिता नन्हेंक राम, निवासी डोमपाड़ा, बीएसएल झोपड़ी कॉलोनी, माराफारी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ माराफारी थाना में पहले भी कांड संख्या 73/2019 और 97/2022 दर्ज है।

पुलिस के अनुसार, मामले के उद्भेदन और आरोपी की गिरफ्तारी में माराफारी थाना प्रभारी पु.नि. संजय कुमार, बालीडीह ओपी प्रभारी पु.अ.नि. आनंद आजाद समेत अन्य पुलिस अधिकारियों और तकनीकी शाखा के जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस मामले में साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित