बोकारो , जुलाई 12 -- झारखंड में बोकारो जिले के कसमार थाना क्षेत्र के तेलमुंगा ब्लॉक चौक स्थित एक गोदाम में पुलिस व कंपनियों की अधिकृत जांच टीम ने संयुक्त छापेमारी कर नकली ब्रांडेड उत्पाद बनाने और बेचने वाले बड़े गिरोह का पर्दाफाश कर गोदाम संचालक गौतम कुमार को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि बरामद सामान में नकली पतंजलि व फॉर्च्यून ब्रांड के सरसों तेल की बोतलें, घरेलू उपयोग का क्लीनर हार्पिक, व सर्फ एक्सेल जैसे डिटर्जेंट के रैपर, हजारों प्लास्टिक रैपर, खाली बोतलें, विभिन्न केमिकल, पैकिंग मशीनें तथा तैयार व अर्द्धनिर्मित नकली उत्पाद शामिल हैं। गोदाम से बड़ी संख्या में पैकिंग सामग्री व लेबल भी जब्त किए गए हैं।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरोह सस्ते व घटिया गुणवत्ता वाले तेल व अन्य केमिकल का उपयोग कर इसे नामी कंपनियों के लेबल व पैकिंग में भरता था और बाजार में उच्च दाम पर बेचता था। जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि नकली सामान का नेटवर्क शहर और आसपास के जिलों तक फैला हुआ हो सकता है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि कंपनियों के अधिकृत प्रतिनिधि की ओर से दर्ज शिकायत के आधार पर कसमार थाना में प्राथमिकी भी दर्ज की गई है और पूरे नेटवर्क की तह तक जाने के लिए छानबीन तेज कर दी गयी है। पकड़े गए माल की गुणवत्ता परीक्षण के लिए संबंधित कंपनियों के लैब और स्थानीय फूड/ड्रग विभाग को भेजा जाएगा।

प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि इस तरह के नकली उत्पाद उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के लिए खतरनाक हैं और बाजार में भ्रांतिप्रेरक तरीके से बेचकर आर्थिक लाभ उठाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को संदिग्ध पैकिंग या कम दाम पर ब्रांडेड उत्पाद मिलें तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।

पुलिस ने आगामी दिनों में और गिरफ्तारियों की संभावना जताई है और इस मामले में विस्तृत पूछताछ व फॉरेंसिक जांच के बाद सार्वजनिक रुप से और जानकारी देने का आश्वासन दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित