बोकारो , अप्रैल 26 -- झारखंड के बोकारो में 18 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद आयोजित जेपीटीईटी (झारखंड प्राइमरी टीचर एलिजिबिलिटी टेस्ट) की प्रथम पाली में सेक्टर-9 के सरदार पटेल पब्लिक स्कूल केंद्र पर बड़ा हंगामा हो गया।
पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक निर्धारित परीक्षा के दौरान एक सेट (32) का प्रश्न पत्र केंद्र नहीं पहुंचा, जिससे नाराज परीक्षार्थियों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर प्रदर्शन किया।
परीक्षार्थियों का आरोप है कि प्रशासन ने उन्हें केंद्र में सुबह 8 बजे से ही 'कैद' कर रखा था, जबकि प्रश्न पत्र धनबाद चला गया। बोकारो उपायुक्त अजय नाथ झा ने आश्वासन दिया कि एक घंटे में पेपर आ जाएगा, लेकिन 1 बजे परीक्षा समाप्ति के बाद भी वह नहीं पहुंचा। छात्रों ने कहा, "हमारे भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। एक घंटे में धनबाद से पेपर आ सकता था, परीक्षा हो जाती। प्रशासन की कार्यशैली भ्रष्टाचारपूर्ण है।"हंगामे की सूचना मिलते ही डीसी और एसपी मौके पर पहुंचे। पुलिस तैनात की गई, लेकिन किसी अधिकारी ने मीडिया से बात नहीं की। प्रशासन ने कवरेज रोकने की भी कोशिश की। इस बीच, बोकारो पहुंचे मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने इसे जेपीएससी की लापरवाही बताया। उन्होंने कहा, "डीसी से रिपोर्ट लेकर सरकार को सूचित किया जाएगा। मामला गंभीर है।"परीक्षार्थियों ने प्रशासन की तैयारी पर सवाल उठाया और परीक्षा रद्द करने की मांग की। जेपीएससी या शिक्षा विभाग से अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित