बोकारो , सितंबर 19 -- झारखंड बोकारो स्टील सिटी रेलवे स्टेशन पर पटना से रांची जा रही जनशताब्दी एक्सप्रेस के इंजन के आगे कैटल गार्ड के समीप एक महिला का कटा हुआ सिर मिलने से बोकारो रेलवे स्टेशन पर हड़कंप मच गया।

पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि जनशताब्दी एक्सप्रेस बोकारो पहुंचने पर इंजन के अगले हिस्से से तेज दुर्गंध आने की सूचना के बाद आरपीएफ और जीआरपी की टीम ने जांच शुरू की। तलाशी के दौरान एक हॉलनुमा हिस्से से करीब 50 वर्षीय महिला का कटा हुआ सिर बरामद किया गया।

पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव के हिस्से को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

बताया कि पटना-रांची जनशताब्दी एक्सप्रेस बोकारो रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो पर करीब 11:35 बजे पहुंची। इसी दौरान इंजन के आगे से दुर्गंध आने की सूचना पायलट ने वॉकी-टॉकी के माध्यम से रेलवे कंट्रोल को दी। सूचना मिलते ही आरपीएफ और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और इंजन के आगे कैटल गार्ड के आसपास जांच शुरू की।

काफी खोजबीन के बाद कैटल गार्ड के समीप बने एक हॉल के अंदर कटा हुआ सिर मिला। आरपीएफ की मौजूदगी में उसे बाहर निकाला गया। जीआरपी ने पंचनामा तैयार कर उसे अपने कब्जे में ले लिया। घटना की जांच के कारण जनशताब्दी एक्सप्रेस करीब एक घंटे तक बोकारो स्टेशन पर खड़ी रही।

जानकारी के अनुसार, गोमो स्टेशन पर जनशताब्दी एक्सप्रेस का चालक बदला जाता है। इसी दौरान ट्रेन के इंजन के आसपास दुर्गंध महसूस की गई थी। शुरुआती तौर पर आशंका जताई गई कि इंजन के किसी हिस्से में चूहा मरकर फंस गया होगा। इसके बाद ट्रेन आगे रवाना हो गई। चंद्रपुरा पहुंचने तक दुर्गंध और तेज हो गई। बोकारो स्टेशन पर गहन जांच के दौरान महिला का कटा हुआ सिर बरामद हुआ।

आरपीएफ प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि ट्रेन में दुर्गंध की सूचना मिलने के बाद आरपीएफ और जीआरपी की टीम ने इंजन के आगे जांच की। कैटल गार्ड के समीप एक हॉल के अंदर से करीब 50 वर्षीय महिला का कटा हुआ सिर बरामद किया गया। उन्होंने बताया कि सिर काफी पुरानी अवस्था में प्रतीत हो रहा है। यह इंजन के आगे कैसे पहुंचा, इसे किसने और कहां से लाकर रखा तथा महिला की पहचान क्या है, इन सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।

स्टेशन प्रबंधक संतोष कुमार नायक ने बताया कि ट्रेन सुबह 11:35 बजे प्लेटफार्म नंबर दो पर पहुंची थी। सिग्नल देने के बाद पायलट ने वॉकी-टॉकी के माध्यम से कंट्रोल को इंजन के आगे कटा हुआ सिर होने की सूचना दी। इसके बाद आरपीएफ और जीआरपी को जानकारी देकर जांच कराई गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित