बोकारो , अक्टूबर 22 -- झारखंड के बोकारो में बीएस सिटी थाना पुलिस ने चोरी और मारपीट के दो अलग-अलग मामलों में तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि चोरी के मामले में गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर विभिन्न कंपनियों के पेय पदार्थ भी बरामद किए हैं। वहीं, मारपीट के मामले में गिरफ्तार दो आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 16 और 17 अक्टूबर 2026 की मध्यरात्रि बीएस सिटी थाना क्षेत्र के कर्पूरी चौक के पास स्थित मनोज कुमार एंड ब्रदर्स के गोदाम में चोरी की घटना हुई थी। इस संबंध में बीएस सिटी थाना कांड संख्या 227/26 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई।
अनुसंधान के क्रम में पुलिस ने दुन्दीबाग सरदार मोहल्ला, हनुमान मंदिर के पास रहने वाले 19 वर्षीय सोनू कुमार उर्फ बड़कू, पिता मुन्ना साहू, को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए पेय पदार्थ बरामद किए गए हैं। विगत 21 अक्टूबर 2026 को शाम बीएस सिटी थाना क्षेत्र के गेमन कॉलोनी, लकड़ाखंदा के पास आपसी कहासुनी को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हुई थी। इस घटना को लेकर बीएस सिटी थाना कांड संख्या 228/2026 दर्ज किया गया था।
मामले के अनुसंधान के दौरान पुलिस ने प्राथमिकी अभियुक्त सागर सिंह और सन्नी कुमार को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपी बबन सिंह उर्फ बबन मिस्त्री के पुत्र हैं और गेमन कॉलोनी, लकड़ाखंदा के निवासी हैं। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित