बोकारो , सितंबर 19 -- झारखंड के बोकारो में गणेश पूजा जुलूस के दौरान हथियार लेकर पहुंचने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मंगल पासवान, बोकारो स्टील सिटी थाना क्षेत्र के दुंदीबाग माड़ी पट्टी, और शिवम कुमार, निवासी सेक्टर-1 आयर खटाल निवासी के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार गुप्त सूचना के आधार पर नगर डीएसपी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर कार्रवाई की गई। टीम ने छापेमारी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान मंगल पासवान के पास से एक लोडेड देसी पिस्टल तथा शिवम कुमार के पास से दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपियों ने गणेश पूजा जुलूस में अपना वर्चस्व दिखाने के उद्देश्य से हथियार लेकर पहुंचने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने बरामद हथियार और कारतूस जब्त कर लिए हैं। मामले में आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। छापेमारी टीम में बीएस सिटी थाना प्रभारी ममता कुमारी सहित पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित